Breaking News

धमतरी जिले में 15 नवंबर से 108 केंद्रों पर शुरू होगी धान खरीदी, 8 नए उपार्जन केंद्रों की हुई शुरुआत


छत्तीसगढ़ 13 November 2026
post

धमतरी जिले में 15 नवंबर से 108 केंद्रों पर शुरू होगी धान खरीदी, 8 नए उपार्जन केंद्रों की हुई शुरुआत

धमतरी । कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने आज  यहाँ  केलक्ट्रेट के सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक में आगामी 15 नवंबर से प्रारंभ होने वाली समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित रहें। टोकन वितरण, भीड़ प्रबंधन, धान की गुणवत्ता जांच, नापतौल, बारदाना उपलब्धता, परिवहन एवं भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को खरीदी प्रक्रिया के दौरान नियमित निरीक्षण करने तथा किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी, नगरनिगम आयुक्त  अरूण वर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

    छत्तीसगढ़ राज्य के साथ धमतरी जिले में भी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य आगामी 15 नवंबर से प्रारंभ होगा। किसानों की सुविधा, खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा समयबद्ध उपार्जन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष जिले में पिछले साल के 100 केंद्रों की तुलना में 8 नए उपार्जन केंद्र बढ़ाए गए हैं। इस तरह अब जिले के किसान कुल 108 धान उपार्जन केंद्रों में अपना धान विक्रय कर सकेंगे।

इस वर्ष नए उपार्जन केंद्रों में भुसरेंगा, अटंग, सिलघट, सिलौटी, सिंधोरीखुर्द, बुड़ेनी, राजपुर और टांगापानी शामिल हैं। जिले के लिए इस खरीफ विपणन वर्ष में 66 लाख क्विंटल धान खरीदी का अनुमानित लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं, धान के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण रखने के लिए बोरई, बनरौद, सांकरा, बांसपानी, जैतपुरी और मोहेरा में कुल 6 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन चेक पोस्ट में जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कमचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

15 नवंबर के लिए 554 किसानों ने कटाए टोकन

धान खरीदी के प्रथम दिवस 15 नवंबर के लिए अब तक जिले के 83 उपार्जन केंद्रों में 554 किसानों द्वारा टोकन कटाया जा चुका है। इन किसानों से लगभग 20 हजार क्विंटल धान खरीदी प्रस्तावित है। टोकन व्यवस्था के माध्यम से किसानों को निर्धारित तिथि एवं समय पर धान विक्रय की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उपार्जन केंद्रों में अनावश्यक भीड़ और प्रतीक्षा की स्थिति न बने।

बारदाना, परिवहन और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित

राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप किसानों से धान की सुगम, व्यवस्थित एवं पारदर्शी खरीदी के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त बारदाना, नापतौल उपकरण, मानव संसाधन, कम्प्यूटर एवं आईटी व्यवस्था तथा धान के सुरक्षित भंडारण और परिवहन की तैयारियां की गई हैं। प्रत्येक उपार्जन केंद्र में नोडल अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है। ये अधिकारी केंद्रों का सतत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

किसानों से निर्धारित तिथि पर केंद्र पहुंचने की अपील

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने निर्धारित टोकन की तिथि एवं समय के अनुसार ही धान उपार्जन केंद्रों में पहुंचे। धान को निर्धारित गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप तैयार कर केंद्रों में लाएं तथा खरीदी प्रक्रिया में सहयोग करें। इससे उपार्जन केंद्रों में व्यवस्था बनाए रखने और सभी किसानों का धान सुविधाजनक ढंग से खरीदे जाने में मदद मिलेगी।

राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना तथा धान खरीदी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराना है। प्रशासन द्वारा खरीदी अवधि के दौरान व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

You might also like!


RAIPUR WEATHER