Breaking News

सरकार में नहीं होने पर भी कुछ लोगों पर सत्ता का नशा : प्रधानमंत्री मोदी


देश 13 November 2026
post

सरकार में नहीं होने पर भी कुछ लोगों पर सत्ता का नशा : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए गुरुवार को कहा कि कुछ लोग ‘‘अपनी जेब से संविधान निकालते हैं’’ और सोचते हैं कि देश का संविधान एवं लोकतंत्र उनकी जेब में है। उन्होंने कहा कि ‘‘सरकार में नहीं होने के बावजूद’’ ऐसे लोगों पर ‘‘सत्ता का अलग ही नशा’’ है।

पीएम मोदी ने इंडिया टुडे समूह द्वारा आयोजित ‘किसान तक भारत कृषि सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने इस दौरान किसी पार्टी या नेता का नाम नहीं लिया। उन्होंने कहा, ‘‘आजकल कुछ लोग अपनी जेब से संविधान निकालते हैं। वे सोचते हैं कि देश का संविधान और लोकतंत्र उनकी जेब में है। सरकार में नहीं रहते हुए भी उन्हें सत्ता का अलग ही नशा है।’’

उन्होंने कहा कि सत्ता में रहने के दौरान ऐसे लोगों का व्यवहार कैसा होता है, इसे गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल की एक घटना से समझा जा सकता है।

पीएम मोदी ने कहा कि एक बार अर्थव्यवस्था के मामले में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले राज्यों की सूची में गुजरात को पहला स्थान मिला था। उन्होंने कहा, ‘‘गुजरात को पहले स्थान पर रखने वाली संस्था का नाम देश के एक पूर्व प्रधानमंत्री के नाम पर था। इतना संकेत ही काफी है।’’

उन्होंने कहा कि यह रैंकिंग जाने-माने अर्थशास्त्रियों के शोध पर आधारित थी, लेकिन दिल्ली में सत्ता में बैठे लोगों को ‘‘गुजरात की प्रतिष्ठा बर्दाश्त नहीं हुई’’ और उन्होंने शोध करने वालों को परेशान करना शुरू कर दिया। पीएम ने कहा, ‘‘ये वही लोग हैं जो शहादत और लोकतंत्र की बातें करते हैं। यह बहुत पहले की बात है। इसके बाद क्या हुआ, यह आप शोध करके पता लगा सकते हैं।’

You might also like!


RAIPUR WEATHER