Breaking News

धनिया-पुदीना भूल जाएंगे आंवले की इस देसी चटनी का स्वाद है लाजवाब


सेहत/स्वाद 17 November 2026
post

धनिया-पुदीना भूल जाएंगे आंवले की इस देसी चटनी का स्वाद है लाजवाब

भारतीय खाने में चटनी का अपना एक खास स्थान है। दाल-चावल हो, पराठे हों, पकौड़े हों या फिर गर्मागर्म रोटी, साथ में चटनी मिल जाए तो खाने का स्वाद दोगुना हो जाता है। आमतौर पर घरों में धनिया और पुदीने की चटनी सबसे ज्यादा बनाई जाती है, लेकिन अगर आप रोजाना एक जैसा स्वाद चखकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ नया जरूर ट्राई करें। सर्दियों के मौसम में मिलने वाला आंवला न सिर्फ सेहत के लिहाज से खास माना जाता है, बल्कि इससे तैयार होने वाली देसी चटनी का स्वाद भी बेहद लाजवाब होता है। खट्टे, तीखे और हल्के मसालेदार स्वाद वाली आंवले की चटनी एक बार खाने के बाद आप इसे बार-बार बनाना चाहेंगे। इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री या मेहनत की जरूरत नहीं पड़ती। घर में मौजूद कुछ सामान्य मसालों की मदद से आप मिनटों में स्वादिष्ट चटनी तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं आंवले की चटनी बनाने की आसान रेसिपी और इसके खास फायदे।आंवले की चटनी बनाने के लिए सबसे पहले आपको ताजे और अच्छे आंवले लेने होंगे। कोशिश करें कि आंवले साफ और बिना दाग वाले हों। इसके अलावा चटनी का स्वाद बढ़ाने के लिए हरी मिर्च, अदरक, लहसुन और कुछ मसालों की जरूरत होगी।

सबसे पहले आंवलों को अच्छी तरह पानी से धो लें। इसके बाद इन्हें साफ कपड़े से पोंछकर छोटे टुकड़ों में काट लें और इनके बीज निकाल दें। अगर आंवले ज्यादा सख्त हैं या उनका खट्टापन कम करना चाहते हैं, तो इन्हें कुछ मिनट तक भाप में पका सकते हैं। इसके लिए आंवलों को स्टीमर में रखें और नरम होने तक पकाएं। इसके बाद इन्हें ठंडा होने दें।

अब मिक्सर जार लें और उसमें कटे हुए आंवले, हरी मिर्च, अदरक और लहसुन डाल दें। इसके साथ जीरा, काला नमक, साधारण नमक और भुना जीरा पाउडर भी मिला दें। सभी सामग्री को अच्छी तरह पीस लें। अगर चटनी ज्यादा गाढ़ी लग रही है, तो जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डाल सकते हैं। ध्यान रखें कि पानी एक साथ ज्यादा न डालें, वरना चटनी पतली हो सकती है।

अब तैयार चटनी को एक कटोरी में निकाल लें। अगर आप इसमें हल्का देसी तड़का लगाना चाहते हैं, तो एक छोटे पैन में थोड़ा तेल गर्म करें। इसमें जीरा और हींग डालकर हल्का भून लें। इसके बाद इस तड़के को चटनी के ऊपर डाल दें। आपकी खट्टी-तीखी और स्वादिष्ट आंवले की चटनी तैयार है। इसे आप पराठे, रोटी, दाल-चावल, खिचड़ी या पकौड़ों के साथ परोस सकते हैं।

You might also like!


RAIPUR WEATHER