यूरोप में LNG की बढ़ती मांग, इंटरनेशनल मार्केट में महंगी होती गैस और भारत में कम होती गैस की खपत का असर अब LNG इंपोर्ट पर दिखने लगा है. कमोडिटी मार्केट एनालिटिक्स फर्म केप्लर के जहाजों की आवाजाही से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक, 1 से 27 नवंबर के बीच भारत ने 1.73 मिलियन टन LNG इंपोर्ट की. यानी रोजाना औसतन करीब 64,000 टन गैस भारत पहुंची. यह मार्च के बाद सबसे कम है. नवंबर में LNG इंपोर्ट पिछले साल के मुकाबले भी कम रहने की उम्मीद है. नवंबर 2025 में भारत ने 2.20 मिलियन टन LNG इंपोर्ट की थी.
केप्लर के अनुसार अक्टूबर में भारत ने सामान्य से काफी ज्यादा LNG इंपोर्ट किया था. अक्टूबर में भारत ने 2.85 मिलियन टन LNG इंपोर्ट की थी. यानी रोजाना करीब 92,000 टन गैस देश में आई थी. अनुमान है कि नवंबर के पूरे महीने में भारत का LNG इंपोर्ट करीब 1.8 से 1.9 मिलियन टन रह सकता है. हालांकि, भारत को लगभग सभी बड़े सप्लायर्स से कम LNG मिल रही है
खास बात यह है कि जैसे ही गैस की मांग कम हुई, वैसे ही इसकी कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी हो गई. उनके मुताबिक, वेस्ट एशिया संकट शुरू होने के बाद से ही एशिया में LNG की स्पॉट कीमतें ऊंची बनी हुई थीं. लेकिन अक्टूबर के मध्य से आखिर तक ये कीमतें करीब 35 डॉलर प्रति mBtu (मिलियन ब्रिटिश थर्मल यूनिट) तक पहुंच गईं. यह सितंबर के मध्य के मुकाबले करीब 10 डॉलर ज्यादा थीं. ऐसे में नवंबर में डिलीवरी के लिए LNG खरीदने वाले भारतीय खरीदारों के सामने महंगी गैस खरीदने की चुनौती थी. चूंकि उस समय मांग भी कम थी, इसलिए भारतीय कंपनियों ने स्पॉट मार्केट से खरीदारी काफी कम कर दी.
भारत के LNG इंपोर्ट में कमी की एक और बड़ी वजह यूरोप से मिल रही कड़ी प्रतिस्पर्धा है. दरअसल, सर्दियों में यूरोप में गैस की खपत बढ़ जाती है. इस बार यूरोप के कई देशों के पास गैस का स्टॉक भी कम था. ऐसे में वहां के खरीदार LNG के कार्गो हासिल करने के लिए ज्यादा कीमत देने को तैयार हैं. इसका सीधा असर भारत जैसे एशियाई खरीदारों पर पड़ रहा है. यूरोप ज्यादा कीमत देकर गैस खरीद रहा है, जिसके चलते LNG सप्लायर्स के लिए यूरोप को कार्गो भेजना ज्यादा फायदेमंद हो गया है.







