कोरिया। जिले के सोनहत वन परिक्षेत्र अंतर्गत कछाड़ी बीट के जंगलों में भीषण आग लगने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। बीती रात करीब 9 बजे जंगल के अलग-अलग हिस्सों में अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटें और दूर तक फैलता धुआं आसपास के इलाकों से साफ देखा जा सकता था। जंगल से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने इस भयावह दृश्य का देखा और मीडिया को साझा किया, ।
बड़ी संख्या में हरे-भरे पेड़ जलकर खाक
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि आग लगने के दौरान वन विभाग के कर्मचारी मौके पर नजर नहीं आए, जिसके कारण समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जा सका। लोगों का कहना है कि यदि वन अमला समय पर सक्रिय होता तो जंगलों को इतना बड़ा नुकसान नहीं उठाना पड़ता। आग लगातार फैलती रही और बड़ी संख्या में पेड़-पौधे जलकर राख हो गए। इसके साथ ही जंगल में रहने वाले कई छोटे वन्य जीवों के भी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने जल्द आग बुझाने की मांग की
ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जंगलों के संरक्षण और सुरक्षा के नाम पर हर साल लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, इसके बावजूद आग जैसी घटनाओं पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। आग से पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से तत्काल प्रभावी कदम उठाने, आग पर जल्द काबू पाने और इस मामले में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।




.jpg)
.jpg)

