Breaking News

ताजिकिस्तान से पहला मैत्री फुटबॉल मैच हारा भारत, ब्लू टाइगर्स को 1-3 से मिली हार


खेल 06 June 2026
post

ताजिकिस्तान से पहला मैत्री फुटबॉल मैच हारा भारत, ब्लू टाइगर्स को 1-3 से मिली हार

नई दिल्ली, 06 जून ।भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम को शुक्रवार रात तुर्सुनज़ोडा के टालको एरिना में खेले गए अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबले में ताजिकिस्तान के खिलाफ 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ भारत लगातार तीसरा अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच गंवा बैठा।
मुकाबले की शुरुआत से ही ताजिकिस्तान ने आक्रामक खेल दिखाया और नौवें मिनट में शरीद्दीन बोबोएव ने पेनाल्टी को गोल में बदलकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। भारतीय टीम पहले हाफ में ताजिकिस्तान की संगठित रक्षापंक्ति को भेदने में सफल नहीं हो सकी और मध्यांतर तक 0-1 से पीछे रही।

दूसरे हाफ में भारत ने बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश की, लेकिन ताजिकिस्तान ने खेल पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। 61वें मिनट में मेखरुबोन करीमोव ने गोल कर बढ़त दोगुनी कर दी। इसके छह मिनट बाद एहसन पंजशानबे ने तीसरा गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया।
भारत की ओर से मुकाबले के 88वें मिनट में फरुख चौधरी ने शानदार गोल कर अंतर कम किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और टीम हार से नहीं बच सकी।भारतीय टीम इस मुकाबले से पहले लंदन में आयोजित यूनिटी कप में भी दो हार झेल चुकी थी, जहां उसे जमैका से 0-2 और जिम्बाब्वे से 0-1 से पराजय मिली थी।यह मुकाबला भारत की आगामी महाद्वीपीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों का हिस्सा था। मुख्य कोच खालिद जमील ने इस मैच का उपयोग टीम संयोजन परखने और खिलाड़ियों को मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ अनुभव देने के लिए किया।
भारत अब ताजिकिस्तान के खिलाफ दूसरा अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबला 9 जून को खेलेगा।


You might also like!


RAIPUR WEATHER