Breaking News

फ्यूल रिटेलर नायरा एनर्जी का मानसून गिफ्ट, पेट्रोल-डीजल की कीमत में की कटौती


व्यापार 01 July 2026
post

फ्यूल रिटेलर नायरा एनर्जी का मानसून गिफ्ट, पेट्रोल-डीजल की कीमत में की कटौती

नई दिल्ली, 01 जुलाई । देश में प्राइवेट सेक्टर की सबसे बड़ी फ्यूल रिटेलर कंपनी नायरा एनर्जी ने आज पेट्रोल और डीजल के उपभोक्ताओं को मानसून गिफ्ट देते हुए कीमत में कटौती कर दी है। पेट्रोल की कीमत में पांच रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में तीन रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है। नायरा एनर्जी के देश भर में मौजूद 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर ये कटौती आज से ही लागू कर दी गई है। हालांकि, पेट्रोल और डीजल की कीमत में वास्तविक कटौती अलग अलग राज्यों में लगने वाले वैल्यू एडेड टैक्स (वैट) और स्थानीय करों की वजह से अलग अलग हो सकती है।

बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आई गिरावट के बाद नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमत में कटौती का फैसला लिया है। आपको बता दें कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होने के पहले वाले स्तर के करीब पहुंच गई है। पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद कच्चे तेल की कीमत 120 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक चली गई थी, लेकिन अब इसकी कीमत गिरकर 70 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक आ गई है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत घटने के बाद से भारत में भी पेट्रोल और डीजल की कीमत में कटौती होने की उम्मीद की जा रही थी। इसी उम्मीद के मुताबिक नायरा एनर्जी ने आज पेट्रोल और डीजल की कीमत में कटौती करने का फैसला किया है। हालांकि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) और भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) जैसी सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने डीजल और पेट्रोल की कीमत में कटौती करने का फिलहाल कोई फैसला नहीं लिया है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER