चेहरे पर बार-बार होने वाले पिंपल और दाने देखकर अक्सर लोग इसे हॉर्मोनल बदलाव से जोड़ देते हैं। हालांकि, हर बार इसका कारण हॉर्मोन नहीं होता। त्वचा विशेषज्ञों के अनुसार, चेहरे की त्वचा पर जमा गंदगी, बैक्टीरिया और रोजमर्रा की कुछ आदतें भी मुंहासों की समस्या को बढ़ा सकती हैं। इनमें गंदा तकिया भी एक वजह हो सकता है। सोते समय हमारा चेहरा लगातार तकिए के संपर्क में रहता है। अगर तकिए का कवर लंबे समय तक नहीं बदला जाता है तो उस पर तेल, पसीना, धूल, डेड स्किन सेल्स और बैक्टीरिया जमा हो सकते हैं। यही गंदगी त्वचा के रोमछिद्रों को बंद कर सकती है और पिंपल व दानों की समस्या बढ़ सकती है।
तकिए का कवर साफ रखना क्यों जरूरी
चेहरे से निकलने वाला ऑयल और पसीना तकिए के कपड़े में जमा होता रहता है। इसके अलावा बालों में लगाए जाने वाले तेल, क्रीम और हेयर प्रोडक्ट भी तकिए पर लग सकते हैं। जब चेहरा बार-बार उसी सतह के संपर्क में आता है तो त्वचा पर जलन और मुंहासे होने की संभावना बढ़ सकती है। विशेषज्ञों की सलाह है कि तकिए के कवर को नियमित रूप से धोना चाहिए। खासकर जिन लोगों की त्वचा ऑयली है या जिन्हें बार-बार पिंपल होते हैं, उन्हें साफ-सफाई का ज्यादा ध्यान रखना चाहिए।
पिंपल के पीछे ये कारण भी हो सकते हैं
चेहरे पर दाने आने के कई कारण हो सकते हैं। इनमें त्वचा में ज्यादा तेल बनना, रोमछिद्रों का बंद होना, तनाव, खानपान की आदतें, नींद की कमी और गलत स्किन केयर प्रोडक्ट का इस्तेमाल शामिल हैं। इसके अलावा बार-बार चेहरे को छूना, मोबाइल स्क्रीन की गंदगी और मेकअप को ठीक से साफ नहीं करना भी पिंपल बढ़ा सकता है।
इन बातों का रखें ध्यान
तकिए का कवर नियमित रूप से बदलें और साफ रखें सोने से पहले चेहरा अच्छी तरह साफ करें
गंदे हाथों से बार-बार चेहरे को न छुएं
त्वचा के अनुसार सही स्किन केयर प्रोडक्ट चुनें मेकअप को रात में हटाकर ही सोएं पर्याप्त नींद लें और पानी पीते रहें
कब लें डॉक्टर की सलाह
अगर चेहरे पर लगातार दर्द वाले पिंपल हो रहे हैं, दाने बढ़ते जा रहे हैं या उनके निशान पड़ रहे हैं तो त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर होता है। कई बार सामान्य देखभाल से समस्या ठीक नहीं होती और सही इलाज की जरूरत पड़ सकती है। चेहरे की खूबसूरती बनाए रखने के लिए सिर्फ महंगे प्रोडक्ट ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की साफ-सफाई और छोटी-छोटी आदतों का ध्यान रखना भी जरूरी है।







