Breaking News

आईजीएनसीए में 24 सितंबर से शुरू होगा 7वां ‘नदी उत्सव’, दिल्ली के उपराज्यपाल करेंगे उद्घाटन


देश 21 September 2026
post

आईजीएनसीए में 24 सितंबर से शुरू होगा 7वां ‘नदी उत्सव’, दिल्ली के उपराज्यपाल करेंगे उद्घाटन

नई दिल्ली, 21 सितंबर  इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) में 24 से 26 सितंबर तक 7वें ‘नदी उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्घाटन दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू करेंगे। इस वर्ष के उत्सव की मुख्य थीम ‘यमुना नदी’ पर केंद्रित है।

आईजीएनसीए के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी ने सोमवार को यहां कला केंद्र परिसर में संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय इस उत्सव का उद्देश्य नदियों के महत्व, उनके संरक्षण और सांस्कृतिक सरोकारों को जन-जन तक पहुंचाना है। तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में युवाओं के लिए वाद-विवाद, स्केचिंग और कार्टून मेकिंग जैसी कई रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा कई सत्र आयोजित किए जाएंगे और साथ ही डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म फेस्टिवल में अलग-अलग भाषाओं फिल्में दिखाई जाएंगी। इसका मुख्य विषय ‘रिवर एज़ एन आर्काइविस्ट’ रखा गया है। इसमें जाने-माने फ़िल्मकारों के साथ आईजीएनसीए द्वारा ब्रह्मपुत्र, सिंधु, नर्मदा और यमुना पर निर्मित वृत्तचित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। युवाओं और महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नदियों पर मौलिक काव्य लेखन प्रतियोगिता होंगी। प्रदर्शनियां प्रदर्शित की जाएंगी। नदियों का प्रवाह तलाशने और उनके संरक्षण में जुटे देश के विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं को परिचर्चा के लिए एक मंच पर लाया जाएगा। इसमें देशभर के करीब 50 विशेषज्ञ शामिल होंगे। इस वर्ष युवा पीढ़ी को जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

डॉ जोशी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नदियां सिर्फ एक भौगोलिक इकाई या जल का स्रोत नहीं हैं बल्कि वे सभ्यता, साहित्य, आस्था और स्मृतियों का आधार हैं। समाज नदियों को मां, बहन और बेटी के रूप में देखता रहा है तथा उनसे अनेक परंपराएं और तीज-त्योहार जुड़े हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्सव का मुख्य उद्देश्य स्कूल और कॉलेज के युवाओं में नदियों के प्रति आत्मीयता जगाना और इसे एक व्यापक सांस्कृतिक आंदोलन का रूप देना है।इस मौके पर आईजीएनसीए मीडिया सेंटर के नियंत्रक अनुराग पुनेठा और नदी उत्सव के संयोजक अभय मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि आईजीएनसीए इससे पूर्व नासिक (गोदावरी), उज्जैन (शिप्रा) और विजयवाड़ा (कृष्णा) जैसे शहरों में भी नदी उत्सवों का आयोजन कर चुका है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER