Breaking News

सुल्तानगंज में कर्मा-धर्मा पूजा के दौरान बड़ा हादसा


देश 21 September 2026
post

सुल्तानगंज में कर्मा-धर्मा पूजा के दौरान बड़ा हादसा

भागलपुर, 21 सितंबर । बिहार में भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड से सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहाँ तरैटा नारायणपुर वहियार इलाके में बाढ़ के पानी में डूबने से छह बच्चों की मौत हो गई।

हादसे का शिकार हुए सभी बच्चे कर्मा-धर्मा पूजा के पावन अवसर पर पारंपरिक स्नान करने के लिए गए थे। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गंगा नदी के बढ़े जलस्तर के कारण वहियार के खेतों में बाढ़ का पानी भरा हुआ था। सोमवार सुबह विष्णु टोला और आसपास के बच्चे कर्मा-धर्मा पर्व के उपलक्ष्य में नहाने के लिए वहां पहुंचे थे। स्नान करने के दौरान पानी की गहराई का अंदाजा न मिलने के कारण बच्चे गहरे पानी में चले गए और एक-एक कर डूबने लगे।

आसपास मौजूद ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों ने चीख-पुकार सुनकर तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी छह बच्चों को पानी से बाहर निकालकर तुरंत स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के उपरांत सभी को मृत घोषित कर दिया।



मृतक बच्चों की उम्र 12 से 14 वर्ष के बीच बताई जा रही है, जिनमें पांच बच्चे सुल्तानगंज नगर परिषद के वार्ड संख्या 27 स्थित विष्णु टोला के निवासी थे। मृतकों की पहचान पूजा, ज्योति, मिंकी, राहुल, आयुष और विकास के रूप में की गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासनिक और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है और शवों को पंचनामा के लिए कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER