Breaking News

शहीद मिंधू कुंभकार की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, जंगल सत्याग्रह के बलिदान को किया याद


छत्तीसगढ़ 25 September 2026
post

शहीद मिंधू कुंभकार की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, जंगल सत्याग्रह के बलिदान को किया याद

धमतरी, 25 सितंबर । अमर शहीद मिंधू कुंभकार की 25 सितंबर को पुण्यतिथि पर कुम्हार समाज की ओर से अमर शहीद मिंधू कुंभकार सामुदायिक भवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाजजनों ने पूजा-अर्चना कर शहीद मिंधू कुंभकार के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को याद किया।

इस अवसर पर कुम्हार समाज जिला अध्यक्ष गगन कुंभकार ने कहा कि वर्ष 1930 में अंग्रेजी शासन ने जंगल से मवेशियों के चारे के लिए घास काटने पर भी टैक्स लगा दिया था। इस कानून के विरोध में शहीद मिंधू कुंभकार के नेतृत्व में बेंद्रानवागांव और रुद्री क्षेत्र में हजारों लोगों ने जंगल सत्याग्रह किया। सत्याग्रह में शामिल लोग हाथों में हंसिया लेकर घास काटने जंगल की ओर बढ़े। इसी दौरान अंग्रेजों ने फायरिंग का आदेश दे दिया। गोलीबारी में मिंधू कुंभकार के सीने में गोली लगी और उन्होंने भारत माता की जय का उद्घोष करते हुए देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

जिला अध्यक्ष ने कहा कि जंगल सत्याग्रह के प्रणेता मिंधू कुंभकार का स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनका संघर्ष और बलिदान धमतरी अंचल के इतिहास में सदैव याद किया जाता रहेगा। पुण्यतिथि पर समाजजनों ने उनके जीवन संघर्ष और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए नई पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित कराने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष गगन कुंभकार, केंद्र प्रधान विजय कुंभकार, रामस्वरूप कुंभकार, बालकृष्ण कुंभकार, कोषाध्यक्ष उमेश प्रसाद पांडे, खिलेश कुंभकार, सचिव सुभाष कुंभकार, सुंदरलाल कुंभकार, अरुण कुंभकार, टिकेश्वर कुंभकार, जगदीश कुंभकार, धनेश कुंभकार सहित समाज के अन्य लोग उपस्थित रहे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER