Breaking News

भारत, चीन और इजराइल के लिए नियुक्त नेपाल के नए राजदूतों को राष्ट्रपति ने दिलाई शपथ


विदेश 16 November 2026
post

भारत, चीन और इजराइल के लिए नियुक्त नेपाल के नए राजदूतों को राष्ट्रपति ने दिलाई शपथ

काठमांडू, 16 नवंबर। नेपाल के राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने सरकार की सिफारिश पर तीन देशों के लिए नेपाल के नए आवासीय राजदूतों की नियुक्ति की है। राष्ट्रपति ने भारत, चीन और इजराइल के लिए नए राजदूत नियुक्त करते हुए सोमवार को उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ भी दिलाई।

राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार राष्ट्रपति पौडेल ने भारत के लिए डॉ. निश्चलनाथ पांडेय, चीन के लिए डॉ. कल्याण राज शर्मा और इजराइल के लिए सुरेश कुमार कर्ण को नेपाल का आवासीय राजदूत नियुक्त किया है। यह नियुक्तियां नेपाल के संविधान के अनुच्छेद 282 की उपधारा (1) के तहत की गई हैं। संविधान के इस प्रावधान के अनुसार राष्ट्रपति नेपाल सरकार और मंत्रिपरिषद की सिफारिश पर विदेशों में नेपाल के राजदूतों की नियुक्ति करते हैं।

राष्ट्रपति पौडेल ने सोमवार को ही काठमांडू स्थित राष्ट्रपति कार्यालय शीतल निवास में एक विशेष समारोह के दौरान तीनों नवनियुक्त राजदूतों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

तीन महत्वपूर्ण देशों में राजदूतों की नियुक्ति को नेपाल की कूटनीतिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर भारत और चीन जैसे पड़ोसी देशों में नए राजदूतों की नियुक्ति से दोनों देशों के साथ नेपाल के द्विपक्षीय संबंधों, कूटनीतिक संवाद और सहयोग को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी इन राजदूतों पर होगी। इजराइल में नियुक्त राजदूत नेपाल और इजराइल के बीच द्विपक्षीय संबंधों तथा सहयोग को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।

You might also like!


RAIPUR WEATHER