Breaking News

TMC से बगावत कर BJP खेमे में आने वाले सांसद यूसुफ पठान को गुजरात में मिलेगा 15 करोड़ का फायदा, कांग्रेस के विरोध के बावजूद हुआ फैसला


देश 19 November 2026
post

TMC से बगावत कर BJP खेमे में आने वाले सांसद यूसुफ पठान को गुजरात में मिलेगा 15 करोड़ का फायदा, कांग्रेस के विरोध के बावजूद हुआ फैसला

वडोदरा। गुजरात के वडोदरा में पूर्व भारतीय क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस के बागी सांसद यूसुफ पठान को जमीन आवंटित करने का मामला एक बार फिर चर्चा में है। भाजपा शासित वडोदरा नगर निगम (VMC) ने बुधवार को करीब चार घंटे तक चली तीखी बहस के बाद बहुमत से जमीन आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इस फैसले का कांग्रेस ने विरोध किया और आरोप लगाया कि करोड़ों रुपए की सार्वजनिक संपत्ति को विशेष शर्तों पर पूर्व क्रिकेटर को सौंपा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, संबंधित जमीन की बाजार कीमत 20 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। प्रस्ताव के तहत जमीन का एक हिस्सा यूसुफ पठान को उपहार के रूप में दिया जाएगा, जबकि दूसरे हिस्से का आवंटन रियायती दर पर किया जाएगा। इसके लिए पठान को करीब 5.52 करोड़ रुपए चुकाने होंगे, जो जमीन की बताई जा रही कीमत का लगभग आधा है।

अधिकारियों के मुताबिक, प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब यूसुफ पठान को भुगतान की जाने वाली राशि की जानकारी दी जाएगी। इसके बाद जमीन की बिक्री से संबंधित दस्तावेज (सेल डीड) का पंजीकरण कराया जाएगा। हालांकि, इस जमीन के आवंटन को लेकर एक कानूनी पेच भी सामने आया है। संबंधित भूखंड 'डिस्टर्ब्ड एरिया एक्ट' के दायरे में आता है या नहीं, इस पर नगर निगम कानूनी राय लेगा। दरअसल, डिस्टर्ब्ड एरिया एक्ट उन क्षेत्रों में अचल संपत्तियों के हस्तांतरण को नियंत्रित करता है, जहां सांप्रदायिक दंगों की आशंका या पूर्व घटनाओं के कारण विशेष प्रतिबंध लागू हैं। ऐसे में नगर निगम इस बात पर कानूनी राय लेगा कि यह कानून इस प्लाट पर लागू होता है या नहीं।

You might also like!


RAIPUR WEATHER