Breaking News

छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर मना रहीं हैं काला दिवस


छत्तीसगढ़ 19 November 2026
post

छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर मना रहीं हैं काला दिवस

रायपुर, 19 नवंबर   छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं आज 19 नवंबर 2026 को अपने तीन दिवसीय चरणबद्ध आंदोलन के अंतिम दिन काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर काला दिवस मना रही हैं। यह प्रदर्शन लंबित मांगों को लेकर प्रदेशभर में किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के आंदोलन का आज 19 नवंबर को तीसरा और अंतिम दिन है। अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदेशभर में 17 से 19 नवंबर तक चरणबद्ध प्रदर्शन कर रही हैं ।

आंदोलन के जरिए कार्यकर्ता और सहायिकाएं सरकार के सामने अपनी मांगें रख रही हैं। उनकी प्रमुख मांगों में नियमितीकरण कर शासकीय कर्मचारी का दर्जा देना और मासिक मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये करना शामिल है। इसके अलावा 5जी मोबाइल उपलब्ध कराने, इंटरनेट भत्ता बढ़ाकर 500 रुपये करने और पदोन्नति की व्यवस्था लागू करने की मांग भी की जा रही है।

इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे 'छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका कल्याण संघ' की प्रदेश अध्यक्ष पद्मावती साहू की ओर से राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपकर आधिकारिक पक्ष और चेतावनी जारी की गई है।

प्रदेश अध्यक्ष पद्मावती साहू के हस्ताक्षर से जारी ज्ञापन में कहा गया है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं और सहायिकाएं शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाती हैं, लेकिन उनकी लंबित मांगों की लगातार अनदेखी हो रही है।

प्रांतीय संगठन ने स्पष्ट किया है कि 17 से 19 नवंबर तक ब्लॉक और जिला स्तर पर ध्यानाकर्षण प्रदर्शन (नुक्कड़ नाटक, थाली-चम्मच बजाना और काला दिवस) के बाद भी यदि शासन-प्रशासन उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेता है, तो 11 और 12 दिसंबर 2026 को रायपुर में दो दिवसीय प्रांतीय महापड़ाव किया जाएगा।

प्रांतीय नेतृत्व ने चेतावनी दी है कि दिसंबर के महापड़ाव के बाद भी मांगें पूरी न होने पर प्रदेश भर की कार्यकर्ताएं और सहायिकाएं अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन की होगी।

You might also like!


RAIPUR WEATHER