साउथ फिल्म इंडस्ट्री की आगामी रोमांटिक फिल्म 'हे कन्नम्मा' इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दरअसल, निर्देशक ससी कुमार मुथुलुरी की इस फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से हरी झंडी मिल गई है। फिल्म को सेंसर बोर्ड की ओर से U/A सर्टिफिकेट दिया गया है। इसके साथ ही फिल्म की रिलीज का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि 'हे कन्नम्मा' 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। सेंसर सर्टिफिकेट मिलने के बाद फिल्म की टीम अब इसके प्रमोशन और रिलीज से जुड़ी तैयारियों में जुट गई है। फिल्म को एक नई जमाने की रोमांटिक लव स्टोरी के रूप में पेश किया जा रहा है, जिसमें प्यार, रिश्तों की समझ, भावनाओं और भरोसे की कहानी देखने को मिलेगी
इस फिल्म में यशवंत, धनश्री वर्मा और कार्तिका मुरलीधरन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि धनश्री वर्मा इस फिल्म के जरिए तेलुगु सिनेमा में बतौर लीड एक्ट्रेस अपनी शुरुआत कर रही हैं। धनश्री इससे पहले डांस, कोरियोग्राफी, सोशल मीडिया और हिंदी फिल्मों के जरिए अपनी पहचान बना चुकी हैं। अब साउथ फिल्म इंडस्ट्री में उनका नया सफर शुरू होने जा रहा है। वहीं, यशवंत भी फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। दोनों की जोड़ी को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म में वेंकटेश काकुमानु और ब्रह्माजी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे
फिल्म के टीजर ने पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। इसमें एक खूबसूरत प्रेम कहानी की झलक दिखाई गई है। टीजर में एक युवक की आवाज सुनाई देती है, जो अपनी जिंदगी, सपनों और इच्छाओं के बारे में बात करता है। वह बताता है कि किस तरह किसी दूसरे व्यक्ति की नजरों से दुनिया को देखने के बाद उसे प्यार का असली मतलब समझ में आने लगता है। टीजर के दृश्यों में रोमांटिक पल, खूबसूरत लोकेशन और भावनात्मक उतार-चढ़ाव देखने को मिलते हैं। फिल्म की कहानी एक बेफिक्र और खुशमिजाज युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी मुलाकात एक ऐसी स्वतंत्र विचारों वाली महिला से होती है, जो अपने भीतर कई भावनात्मक जख्म छिपाए हुए है। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत और नोकझोंक प्यार में बदलने लगती है। इसके बाद उनकी जिंदगी में भरोसे, समझ और भावनात्मक जुड़ाव का नया अध्याय शुरू होता है







