आवारापन 2’ से बॉक्स ऑफिस पर धमाका करने वाले इमरान हाशमी की नई फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ पहले ही दिन लड़खड़ा गई है. जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना जैसे सितारों के होने के बावजूद शुक्रवार को थिएटर्स में दर्शक कम ही पहुंचे, ऊपर से ‘ये प्रेम मोल लिया’ के साथ हुए क्लैश ने भी इसकी कमाई पर सीधा ब्रेक लगा दिया. आइए बताते हैं ओपनिंग डे पर फिल्म ने कितने से खाता खोला.
आदित्य दत्त के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म की कहानी ईश्वर (इमरान हाशमी) की है, जो क्राइम की दुनिया छोड़कर अब सीधा-सादा डेयरी का काम करता है. वह अपनी पत्नी आरती (जेनेलिया देशमुख) और बेटी जिया (इनायत वर्मा) के साथ सुकून की जिंदगी जी रहा होता है.
लेकिन पंगा तब शुरू होता है, जब इंस्पेक्टर राणा (अभिषेक सिंह) एक खतरनाक ड्रग माफिया देसू (अपारशक्ति खुराना) को निपटाने के लिए ईश्वर से मदद मांगने आता है. ईश्वर के मना करने पर इंस्पेक्टर राणा उसके परिवार के सामने उसका पुराना काला चिट्ठा खोलने की धमकी दे देता है.







