Breaking News

आईपीएल 2026 से बाहर होने पर बोले सीएसके बॉलिंग कोच एरिक सिमंस, “हम खुद को एक यूनिट के रूप में बेहतर समझकर जा रहे हैं”


खेल 22 May 2026
post

आईपीएल 2026 से बाहर होने पर बोले सीएसके बॉलिंग कोच एरिक सिमंस, “हम खुद को एक यूनिट के रूप में बेहतर समझकर जा रहे हैं”

अहमदाबाद, 22 मई । चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में टीम के निराशाजनक अभियान के बावजूद कहा कि इस सीजन ने टीम को अपनी ताकत और कमजोरियों को बेहतर ढंग से समझने का मौका दिया। गुजरात टाइटंस के खिलाफ गुरुवार को 89 रन की हार के साथ चेन्नई का अभियान समाप्त हो गया।

गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 229 रन बनाए। जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 13.4 ओवर में 140 रन पर सिमट गई और प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई।

मैच के बाद सिमंस ने कहा, “हर खिलाड़ी इस सीजन से कुछ सीखकर जाएगा। बतौर गेंदबाजी कोच मैं सभी खिलाड़ियों के लिए रिपोर्ट तैयार करता हूं, ताकि वे अगले नौ महीनों में अपनी कमजोरियों पर काम करके और बेहतर खिलाड़ी बनकर लौटें। जैसे हमने अंशुल कांबोज को पिछले सीजन के बाद बेहतर होकर लौटते देखा।”

उन्होंने कहा कि इस सीजन ने टीम को एक इकाई के रूप में खुद को समझने में मदद की है।

सिमंस ने कहा, “अब हम खुद को एक यूनिट के रूप में पहले से बेहतर समझते हैं। हमें पता चला है कि कौन खिलाड़ी क्या कर सकता है और क्या नहीं। कार्तिक ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन किया और हमने उसकी क्षमता को करीब से देखा। अनुभवी खिलाड़ियों के बारे में हमें पहले से जानकारी थी, लेकिन इस टूर्नामेंट ने टीम संतुलन और खेलने के तरीके को समझने में काफी मदद की है।”

उन्होंने मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सीजन भविष्य की रणनीति तय करने में उपयोगी साबित होगा।

सिमंस ने टीम के खराब प्रदर्शन के पीछे चोटों को भी अहम कारण बताया। उन्होंने कहा कि जेमी ओवरटन की चोट से टीम का संतुलन बिगड़ गया।

उन्होंने कहा, “जब टीम लय पकड़ रही थी, तभी जेमी ओवरटन चोटिल हो गए। वह हमारी गेंदबाजी इकाई के लिए बेहद महत्वपूर्ण थे और बल्लेबाजी में भी उपयोगी योगदान देते थे। उनकी कमी टीम को काफी महसूस हुई।”

चेन्नई सुपर किंग्स पूरे सीजन में निरंतर प्रदर्शन करने में नाकाम रही और अंक तालिका में नीचे रहकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

You might also like!


RAIPUR WEATHER