नई दिल्ली, 24 सितंबर। कमजोर ग्लोबल संकेतों का असर आज घरेलू शेयर बाजार में भी साफ-साफ नजर आ रहा है। शुरुआती कारोबार के दौरान घरेलू शेयर बाजार में लगातार दबाव बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी।
बाजार खुलने के कुछ देर बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना कर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों को सपोर्ट करने की कोशिश भी की, लेकिन थोड़ी देर बाद ही बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इन दोनों सूचकांकों की कमजोरी और बढ़ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.92 प्रतिशत और निफ्टी 0.98 प्रतिशत टूट कर कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 555.85 अंक यानी 0.74 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,272.40 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के कुछ देर बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से लगभग 90 अंक उछल कर 74,362.29 अंक के स्तर तक आ गया। हालांकि खरीदारी का यह दौर लंबा नहीं चल सका।
कुछ समय बाद ही बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से यह सूचकांक 700 अंक से अधिक टूट कर 74,111.23 अंक के स्तर तक गिर गया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 690.73 अंक यानी 0.92 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74,137.52 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 225 अंक यानी 0.96 प्रतिशत लुढ़क कर 23,221.80 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद खरीदारी ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 60.15 अंक उछल कर 23,281.95 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण निफ्टी की कमजोरी बढ़ने लगी।
शेयरों की लगातार हो रही बिक्री के कारण सुबह 10 बजे के करीब यह सूचकांक 241.35 अंक फिसल कर 23,205.45 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद एक बार फिर खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की चाल में मामूली सुधार होता हुआ नजर आने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 229.70 अंक यानी 0.98 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,217.10 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,908 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 826 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,082 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से पांच शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 25 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से तीन शेयर हरे निशान में और 47 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, एटरनल और टाइटन कंपनी के शेयर 0.97 प्रतिशत से लेकर 0.06 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, एचडीएफसी लाइफ, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर 6.29 प्रतिशत से लेकर 1.92 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 299.17 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की मजबूती के साथ 74,828.25 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 117.80 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,446.80 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।







