Breaking News

दक्षिण कोरिया में इंटरनेट पोस्ट ऑफिस हैक, 1.13 लाख ग्राहकों का पर्सनल डेटा लीक


विदेश 28 November 2026
post

दक्षिण कोरिया में इंटरनेट पोस्ट ऑफिस हैक, 1.13 लाख ग्राहकों का पर्सनल डेटा लीक

दक्षिण कोरिया में साइबर सुरक्षा को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। देश की सरकारी डाक सेवा कोरिया पोस्ट के इंटरनेट पोस्ट ऑफिस पर हैकरों ने हमला कर दिया, जिसके बाद 1.13 लाख से ज्यादा ग्राहकों की निजी जानकारी लीक हो गई। इस घटना ने सरकारी डिजिटल सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि हैकरों ने ग्राहकों के नाम, घर के पते और मोबाइल फोन नंबर जैसी संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच बनाई। यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब दुनिया के कई देशों में सरकारी संस्थानों और वित्तीय संगठनों पर साइबर हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। दक्षिण कोरिया की सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल डेटा लीक के वास्तविक दायरे का पता लगाया जा रहा है और प्रभावित ग्राहकों की पहचान करने का काम जारी है

जानकारी के मुताबिक, हैकरों ने 17 से 24 नवंबर 2026 के बीच इंटरनेट पोस्ट ऑफिस की मोबाइल वेबसाइट को निशाना बनाया। उन्होंने वेबसाइट पर मौजूद 'रिसीपिएंट डिलीवरी लोकेशन चेंज सर्विस' का इस्तेमाल करके ग्राहकों की निजी जानकारी हासिल की। यह सुविधा उन लोगों के लिए उपलब्ध होती है, जिन्हें रजिस्टर्ड डाक या पार्सल की डिलीवरी का मैसेज मिलता है। इसके माध्यम से ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार डिलीवरी का स्थान बदल सकते हैं। हैकरों ने इसी सुविधा में सेंध लगाकर डिलीवरी के लिए निकले रजिस्टर्ड डाक के प्राप्तकर्ताओं का डेटा देखा। जांच के दौरान केवल एक दिन के रिकॉर्ड का विश्लेषण करने पर ही 1,13,855 ग्राहकों की जानकारी लीक होने की पुष्टि हुई। इसमें व्यक्तिगत ग्राहकों के साथ कॉर्पोरेट ग्राहक भी शामिल हैं

दक्षिण कोरिया के विज्ञान एवं सूचना-संचार प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले कोरिया पोस्ट ने बताया कि हमलावरों ने विदेशी आईपी एड्रेस का इस्तेमाल करके मोबाइल वेबसाइट तक पहुंच बनाई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हैकरों ने सिस्टम में मौजूद सुरक्षा कमजोरी का फायदा उठाया। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले के पीछे कौन सा समूह या व्यक्ति शामिल है। अधिकारियों ने यह भी कहा है कि 17 से 24 नवंबर के बीच के सभी रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। इसलिए प्रभावित ग्राहकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इस घटना का पता 25 नवंबर की सुबह करीब 10:30 बजे चला था। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल सुरक्षा संबंधी कदम उठाने शुरू कर दिए

You might also like!


RAIPUR WEATHER