भारतीय क्रिकेट में जब भी किसी आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज की बात होती है, तो जेहन में ऋषभ पंत या संजू सैमसन का नाम आता है. लेकिन अब इस फेहरिस्त में एक नया और बेहद खतरनाक नाम जुड़ गया है उर्विल पटेल. आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की ओर से खेलते हुए उर्विल ने जिस तरह लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाईं, उसने दिग्गज हरभजन सिंह को भी अपना मुरीद बना लिया है. भज्जी ने तो यहाँ तक कह दिया कि उर्विल भारतीय क्रिकेट का भविष्य हैं.
घरेलू क्रिकेट के 'सुल्तान': जिनके नाम दर्ज हैं दो महारिकॉर्ड
उर्विल पटेल की यह आक्रामकता नई नहीं है. घरेलू क्रिकेट में उन्होंने पहले ही ऐसे धमाके किए हैं, जिन्हें देख दुनिया दंग रह गई थी. उनके नाम दो ऐसे रिकॉर्ड दर्ज हैं जो उनकी काबिलियत की गवाही देते हैं:टी20 में सबसे तेज भारतीय शतक: उर्विल ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सिर्फ 28 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रचा था. यह किसी भी भारतीय द्वारा टी20 फॉर्मेट में लगाया गया सबसे तेज शतक है.लिस्ट-ए (वनडे) में दूसरी सबसे तेज सेंचुरी: विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने महज 41 गेंदों में शतक ठोककर गेंदबाजों के पसीने छुड़ा दिए थे. वह भारत के लिए लिस्ट-ए क्रिकेट में दूसरी सबसे तेज सेंचुरी लगाने वाले बल्लेबाज हैं.
हरभजन सिंह ने बताया 'काऊ कॉर्नर' का राजा
उर्विल की निडर बल्लेबाजी देख हरभजन सिंह ने JioStar पर कहा, "उर्विल ने जिस तरह से मैदान के एक हिस्से, खासकर काऊ कॉर्नर को निशाना बनाया, वह अविश्वसनीय था. पिच बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं थी, लेकिन उर्विल ने जिस स्पष्टता और ताकत के साथ प्रहार किया, उसने मैच का रुख ही बदल दिया. उनके शुरुआती छह छक्के ही यह बताने के लिए काफी थे कि वह एक खास टैलेंट हैं."लक्ष्य का पीछा करने में बेजोड़ सीएसके के लिए खेलते हुए उर्विल ने दबाव की स्थितियों में जो परिपक्वता दिखाई है, उसने टीम मैनेजमेंट का भरोसा जीता है.
लक्ष्य का पीछा करते समय उनकी बल्लेबाजी में जो 'क्लेरिटी' दिखती है, वही उन्हें दूसरे युवा खिलाड़ियों से अलग बनाती है. अपनी विकेटकीपिंग स्किल्स और पावर-हिटिंग के कारण उन्हें टीम इंडिया के अगले बड़े विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर देखा जा रहा.







